शिमला :कमल भारद्वाज ( TSN)- पहाड़ों की रानी में पहली बार शिमला विंटर कार्निवाल का आयोजन हो रहा है । मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला विंटर कार्निवाल का शुभारंभ किया । इस विंटर कार्निवाल का आगाज महा नाटी के साथ हुआ । मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सांस्कृतिक परेड का भी निरीक्षण किया । टूरिस्ट सीजन में बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला घूमने के लिए पहुंच रहे हैं ।
पुलिस को भी सैलानियों को तंग न करने के निर्देश
शिमला विंटर कार्निवाल के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि आपदा के दौरान हिमाचल प्रदेश में पर्यटन कारोबार को भारी नुकसान हुआ था । हिमाचल प्रदेश अब पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार है । बड़ी संख्या में लोग हिमाचल प्रदेश का रुख कर रहे हैं । पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रदेश सरकार ने 24 घंटे होटल, रेस्टोरेंट और ढाबे खुले रखने का फैसला लिया है । इसके अलावा पुलिस को भी सैलानियों को तंग न करने के निर्देश दिए गए हैं । मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि अगर कोई सैलानी झूम गया, तो पुलिस उसे हवालात में नहीं डालेगी बल्कि उसे होटल तक पहुंचाया जाएगा । साथ ही उन्होंने पर्यटकों से कानून का पालन करने की भी अपील की है ।
