विकास शर्मा,चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के विश्व विख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में इन दिनों श्रावण अष्टमी का आयोजन किया गया हैं। मेले को आयोजित किए हुए शनिवार को तीसरा दिन था। इस दिन पर मंदिर में माता रानी के दर्शनों के लिए आए श्रद्धालुओं की तादाद में काफी वृद्धि देखी गई जिसके कारण सड़कों में चहल पहल देखी गई।
वहीं मंदिर न्यास की ओर से मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की ओर से माता रानी को अर्पण किए गए चढ़ावे की गिनती भी शुरू कर दी गई हैं। न्यास ने दूसरे दिन के चढ़ावे की गणना के आंकड़े जारी कर दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार दूसरे दिन 20 हज़ार के लगभग श्रद्धालुओं ने 10 लाख 81 हजार 319 का चढ़ावा मंदिर में चढ़ाया हैं। इससे पहले श्रावण मास के मेले के पहले दिन श्रद्धालुओं की ओर से 14 लाख 79 हज़ार 980 रूपए का चढ़ावा चढ़ाया गया था। दूसरे दिन चढ़ाने में कमी दर्ज की गई हालांकि जैसे-जैसे श्रावण अष्टमी मेला आगे की तरफ बढ़ रहा हैं श्रद्धालुओं की तादाद में वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही हैं।
शनिवार को एसडीएम अंब विवेक महाजन और एडीसी ऊना महेंद्र पाल गुर्जर ने पुलिस अधिकारियों और मंदिर न्यास के कर्मचारियों के साथ बैठक की और आगामी दिनों में बढ़ने वाली भीड़ को लेकर पुलिस अधिकारियों को व्यवस्था बनाने के दिशा निर्देश दिए। वहीं श्रद्धालुओं की ओर से मंदिर न्यास की ओर से चलाई गई सुगम दर्शन प्रणाली व्यवस्था की काफी सराहना की गई। इस मौके पर लुधियाना के एक श्रद्धालु ने कहा मंदिर न्यास की ओर से 50 रुपये में बुजुर्गों को लिफ्ट के माध्यम से दर्शन करने के साथ-साथ आने-जाने की व्यवस्था करना एक बहुत ही अच्छी पहल हैं।
