विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी मंदिर में अब दर्शन स्थल भी चांदी से सुसज्जित होगा। पंजाब के एक श्रदालु की ओर से मंदिर में यह चांदी लगवाई जा रही हैं। श्रद्धालु की ओर से मंदिर में दर्शन स्थल के ऊपर चांदी लगवाई जाएगी। इससे जहां यह देखने में यह बेहद आकर्षक लगेगी तो वहीं दर्शन स्थल को पहले से ओर सुंदर बना देगी।
बता दें कि मंदिर के गर्भ गृह के पास जहां श्रद्धालु खड़े होकर माता रानी के दर्शन करते हैं उसके ठीक ऊपर सीलिंग कर इसमें कुछ ही दिनों में चांदी लगाई जाएगी। इस स्थान को चांदी से ढकने के लिए दस से पंद्रह किलो के करीब चांदी माता को भेंट की जाएगी।
पंजाब जालंधर के श्रद्धालु रमेश अग्रवाल की ओर से मंदिर में यह चांदी लगवाई जा रही हैं जो कि पहले भी मंदिर में प्रवेश द्वार के दरवाजे के ऊपर व दीवार पर चांदी लगवाने का कार्य करवा चुके हैं। अभी कुछ दिन पहले जालंधर के ही एक श्रद्धालु परिवार की ओर से मंदिर में लगी चरण पादुका पर ढाई किलो के करीब चांदी लगवाई गई थी।
चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालु दिल खोलकर चढ़ाते हैं चढ़ावा
चिंतपूर्णी मंदिर में मां के भक्त जहां दिल खोलकर नगद चढ़ावा चढ़ाते हैं तो वहीं सोना चांदी भी दिल खोलकर दान करते हैं। कई श्रद्धालु अभी तक चिंतपूर्णी मंदिर में सोने, चांदी के मुकुट,चांदी के छत्र,चांदी के बर्तन दान स्वरूप चढ़ा चुके हैं। मंदिर के अधिकारी बलबंत सिंह ने बताया कि मां के भक्तों की माता रानी के प्रति बेहद आस्था रहती हैं जिसके चलते श्रद्धालु चढ़ावे के साथ सोना चांदी भी मां के चरणों में दान करते रहते हैं।
