मंडी : धर्मवीर -हिमाचल प्रदेश में बारिश से हालात पूरी तरह से बिगड़े हुए नजर आ रहे हैं। पिछले 2 दिनों से लगातार हो रही बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। इस बारिश से प्रदेश में जहां जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है, वहीं विभिन्न विभागों को करोड़ो रुपए की चपत भी लग चुकी है।
बात अगर जिला मंडी की की जाए तो चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे 4 मील व 7 मील के पास पहाड़ी से मलबा व चट्टानें गिरने के कारण अभी भी बंद पड़ा है। मौके पर तैनात मशीनरी ने मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है लेकिन इसे बहाल करने में 5 से 6 घंटे लग सकते हैं। वहीं उधर मंडी से कुल्लू वाया कटौला मार्ग कमांद के पास भारी मात्रा में लैंडस्लाइड होने से बीती रात से बंद है। इस मार्ग को खुलने के आसार कम ही नजर आ रहे हैं। क्योंकि इस क्षेत्र में अभी भी रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
पराशर रोड बागी नाला में फ्लैश फ्लड के कारण बंदः
पराशर रोड बागी नाला के पास फ़्लैश फ्लड आने से बंद हो गया है। बीते रोज हुई जोरदार बारिश से बागी नाला नहीं भयंकर रूप धारण कर लिया। जिससे यहां पर कई घरों व स्कूल को भी काफी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय उपप्रधान ने समय रहते बागी पुल के पास डंगा न लगाने पर प्रशासन व सरकारों को कोसा है।
चंबा के 100 बच्चे फंसे पराशर मेंः
वहीं पर्यटन नगरी प्रशासन घूमने आए जिला चंबा के निजी स्कूल के 100 बच्चे पराशर में ही फंसे हुए हैं। स्थानीय प्रशासन ने इन सभी बच्चों की होमस्टे ठहराने की व्यवस्था की है।
खोती नाला से वाहनों की आवाजाही शुरूः
मंडी- पठानकोट नेशनल हाईवे को कड़ी मशक्कत के बाद बीती रात को ही वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। वहीं चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे औट के खोती नाला के पास पुल पर भारी मात्रा में पानी आने से बंद हो गया था। जिसे आज सुबह वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया है। पंडोह से गाड़ियों को गोहर वाया चैल चौक भेजा जा रहा है। मंडी पंडोह 4 मील व 7 मील के पास चट्टानें गिरने से बीती रात से बंद है। जिस कारण यहां पर सैकड़ों की संख्या में वाहन फंसे हुए हैं। वाहन चालकों व पर्यटकों को सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी कर रात बिताई पड़ी। एएसपी मंडी सागर चंद्र ने पर्यटकों व वाहन चालकों से मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए नेशनल हाईवे पर सफर न करने की हिदायत दी है। उन्होंने नेशनल हाईवे को बहाल करने करने के लिए मशीनरी मौके पर जुटी है। नेशनल हाईवे पर जगह-जगह चट्टाने व मलबा गिरा हुआ है, जिसे खुलने में अभी समय लग सकता है। फिलहाल कुल्लू से आने वाले पर्यटकों व वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा रहा है।
मंडी गुरुद्वारा में पहली बार ठहरने के लिए खुला दरबार साहिबः
भारी बारिश व लैंडस्लाइड के चलते मंडी में सभी तरफ से रास्ते बंद होने के कारण मंडी के ऐतिहासिक गुरु गोविंद गुरुद्वारा में बीती रात को सैंकड़ों श्रद्धालु व पर्यटक पहुंचे। देखते ही देखते मंडी गुरुद्वारे में सभी सराय व हाल लबालब हो गए। इसके बाद जब कुछ श्रद्धालुओं व पर्यटकों ठहरने के लिए जगह नहीं मिली तो गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने दरबार साहिब को खोलने का निर्णय लिया।
