मंजूर पठान, चंबा: प्रदेश भर में बदलते मौसम से तापमान में भारी गिरावट के चलते चंबा जिला के पहाड़ी इलाकों में भी देर रात से ही बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। जिला में एक बार फिर ठंड में इजाफा दर्ज हुआ है और तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। बता दें कि मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आगामी 2 दिनों के लिए भारी बारिश बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है जिसके चलते चंबा जिला के पहाड़ों पर जमकर बर्फबारी हो रही है। इस बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है।

बर्फीली हवाओं के बाद लोगों को काम करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह-सुबह बच्चों को स्कूल जाने में भी दिक्कतें हो रही हैं। वहीं लोगों को अपने निजी कार्यों के लिए जाने से भी परेशानी हो रही है, क्योंकि अक्सर पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी के बाद ठंड काफी बढ़ जाती है और सुबह-सुबह काम करना मुश्किल होता है। पहाड़ी जिलों में तीन से चार महीने सर्दी का कहर रहने वाला है और ऐसे में लोगों की परेशानी ठंड के मौसम में और भी बढ़ जाती है। बर्फबारी होने से लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है और अब लोग ठंड के मौसम में आग सेकते हुए नजर आ रहे हैं।
बता दें कि चंबा जिला के सबसे खूबसूरत पर्यटन स्थल साच पास पर एक से डेढ़ फीट के आसपास हिमपात हुआ है जिसके चलते ठंड लगातार बढ़ी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात चंबा जिला के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी होने से ठंड काफी बढ़ गई है और बर्फीली हवाओं से सुबह शाम काम करने में परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया है कि सुबह-सुबह बच्चों को स्कूल भेजने में और अपने काम में जाने पर काफी दिक्कतें होती है, क्योंकि ठंड की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
