मनमिंद्र ,कुल्लू – मतदाता सूचियों को अधिक पारदर्शी एवं स्वच्छ बनाने के लिए इसे आधार संख्या से जोड़ने का अभियान शुरू किया गया है। जिला कुल्लू में उक्त अभियान की शुरुआत जिला निर्वाचन अधिकारी (उपायुक्त), कुल्लू द्वारा की गई। बता दे कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 1 अक्तूबर, 2022 को अर्हक (क्वालीफाइंग) तिथि मानते हुए 16 अगस्त, से शुरू होगा। मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण आगामी 11 सितम्बर तक चलेगा। इस अवधि के दौरान फोटोयुक्त मतदाता सूचियां जिला के समस्त संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एसडीएम)/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (तहसीलदार/नायब तहसीलदार) के कार्यालयों व प्रत्येक मतदान केन्द्र पर निःशुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेंगी।
उक्त अवधि के दौरान ऐसे नागरिक जो 01.10.2022 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हों व उस क्षेत्र के साधारण निवासी हैं, के नाम मतदाता सूची में दर्ज किये जायेंगे।, अशुद्ध नामों को शुद्ध किया जाएगा व विवाह/ मृत्यु व स्थान त्याग के कारण अपात्र मतदाताओं के नामों को मतदाता सूची से काटा जाएगा।
इसके अतिरिक्त 27, 28 अगस्त, 2022 और 3, 4 सितम्बर, (दोनों शनिवार व रविवार) को विशेष अभियान का आयोजन किया जाएगा और दावे व आक्षेप भी प्राप्त किये जाएगें। जो मतदाता किसी कारणवश अपना पहचान पत्र दोबारा बनाना चाहते हैं, वे भी इस अवधि के दौरान सम्बन्धित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व सम्बन्धित मतदान केन्द्र के अभिहित अधिकारी/बूथ लेवल अधिकारी से सम्पर्क कर सकते हैं।
