अरविंदर सिंह, हमीरपुर: हिम आंचल एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी की ओर से करवाए जा रहे महिला खेल उत्सव के तहत लम्बलू व डबरेडा पंचायत में महिला खेल उत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। इस अवसर पर एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी के अध्य्क्ष व कौशल विकास निगम के प्रदेश समन्वयक नवीन शर्मा ने कहा कि महिला खेल उत्सव के माध्यम से महिलाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ साथ एक मंच प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि महिला खेल उत्सव में महिलाएं बढ़ चढ़ कर भाग ले रही है। नवीन शर्मा ने कहा कि आज कुछ लोग अपने निजी स्वार्थ के लिए युवाओं को नशे के गर्त में धकेल रहे हैं। उन्होंने युवाओं व उपस्थित लोगों से अपील की वह इस तरह के लोगों के बहकावे में न आए। नवीन शर्मा ने उपस्थित लोगों को नशे के विरुद्ध आवाज उठाने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर लम्बलू पंचायत में हुए प्रतियोगिता में रस्साकशी में महिला मंडल ठनकरी को विजेता व महिला मंडल खनेउ को उपविजेता घोषित किया गया। म्यूजिकल चेयर में कुसुम प्रथम ओर ममता द्वितीय स्थान पर रही। डबरेडा पंचायत में हुई रस्साकशी प्रतियोगिता में महिला मंडल शिवा नगर विजेता व महिला मंडल राम नगर उपविजेता रहा व म्यूजिकल चेयर में प्रीति शर्मा प्रथम व रेखा शर्मा द्वितीय स्थान पर रही । विजेता टीम को 15 लीटर का टी कंटेनर व उपविजेता को 10 लीटर का टी कंटेनर एवं प्रतिभागियों को चाय की केतली देकर सम्मानित किया गया।
