अरविंदर सिंह, हमीरपुर: किसानों एवं बागवानों के लिए राउंड फ्रूट ग्रेडर मुख्य मंडी हमीरपुर में कुछ ही समय में स्थापित किया जाएगा जिसके इस्तेमाल से किसान बागवान सिट्रस फलों की ग्रेडिंग कर सकेंगे। यह जानकारी शुक्रवार को कृषि उपज मंडी समिति जिला हमीरपुर की त्रैमासिक बैठक में दी गई। यह बैठक एपीईएमसी परिषद में अध्यक्ष अजय शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
इस बैठक में कृषि उपज मंडी समिति हमीरपुर की आय एवं व्यय का अनुमोदन किया गया एवं जिला हमीरपुर में मंडियों के सुदृढ़ीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस बैठक में निर्णय लिया गया की उप मंडी जाहू एवं सुजानपुर की खाली पड़ी दुकानों को जल्द से जल्द आबंटित किया जाए ताकि समिति की आय में बढ़ोतरी हो सके। इस अवसर पर मंडी समिति के सदस्य आनंद आदर्श, राकेश ठाकुर विनोद पठानिया, अनिल भाटिया, पशुपालन विभाग के अतिरिक्त उपनिदेशक डॉ. सतीश वर्मा, जिला राजस्व अधिकारी देवी राम एवं सचिव शगुन सूद सहित अन्य उपस्थित रहे।
