संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट को तीन नए जज मिल गए हैं। इन तीन जजों में वरिष्ठ अधिवक्ता रंजन शर्मा, बिपिन चंद्र नेगी और जिला और सत्र न्यायाधीश राकेश कैंथला ने हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के जज के रूप में शपथ ली हैं। राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में राज्यपाल शिव प्रसाद शुक्ल ने तीनों नए जजों को पद ओर गोपनीयता की शपथ दिलवाई। हिमाचल उच्च न्यायालय में चीफ जस्टिस को मिलाकर अब जजों की संख्या 12 हो गई हैं। शपथ समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, नेता विपक्ष जयराम ठाकुर और कई व गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि प्रदेश हाई कोर्ट को तीन नए जज मिलने से लंबित मामलों के निपटारे जल्द करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आपदा से लगभग आठ हज़ार करोड़ रुपए का नुक़सान हुआ है और रेसोटेरेशन का कार्य तेजी से किया जा रहा हैं।
कल हिमाचल पहुंचेंगे नितिन गडकरी
मुख्यमंत्री ने बताया की कल केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी कुल्लू मनाली में हुए नुकसान का जायज़ा लेने आ रहें हैं जिनके सामने सरकार एनएच और फोरलेन को हुए नुकसान की रिपोर्ट रखेगी ओर केंद्र सरकार से मदद करने का आग्रह किया जाएगा। सेब बहुल क्षेत्रों में सड़कों को बहाल करने का कार्य किया जा रहा है ताकि सेब की फसल खराब न हो। आज भी अधिकरियों के साथ इसको लेकर बैठक की जा रही हैं। कुछ जगहों पर सड़कों को ज्यादा नुकसान हुआ है जिन्हें बहाल करने में थोड़ा समय लग रहा हैं।
