Shimla,Sanju(TSN)-हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए उन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।नेगी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भी प्रधानमंत्री ने कश्मीर जाकर हालात का जायजा लेने के बजाय बिहार में चुनावी रैली करना ज्यादा जरूरी समझा। नेगी के मुताबिक,जब देश के नागरिक आतंकी हमलों का शिकार होते हैं,तब सरकार की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा और हालात को संभालना होनी चाहिए।लेकिन,केंद्र सरकार ने इस संवेदनशील मौके को नजरअंदाज किया,जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
जगत नेगी ने आतंकवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की रणनीति पर भी सवाल उठाए।उन्होंने कहा कि भले ही सरकार आतंकियों को खत्म करने की बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई है।उन्होंने कहा कि सिर्फ नागरिकों को हटाना समाधान नहीं है,असली जरूरत आतंकियों का सफाया करने की है,जिसमें सरकार विफल दिख रही है। नेगी ने पाकिस्तान द्वारा भारत के लिए एयर स्पेस बंद करने के फैसले को भी चिंताजनक करार दिया। उन्होंने कहा कि इस कदम से भारतीय एयरलाइंस और व्यापार जगत को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही,यात्राओं की लागत और समय दोनों में इजाफा हो रहा है, जो सीधे तौर पर अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर रहा है।
