नूरपुर, संजीव महाजन -: कृषि विभाग जाच्छ स्थित कृषि केंद्र में रबी सीजन की फसलों के उन्नत किस्मों के बीज सरकारी अनुदान पर मिलने शुरू हो गए हैं। केंद्र में गेहूं के साथ-साथ मौजूदा सीजन में उगाई जाने वाली विभिन्न सब्जियों के उत्तम किस्म के बीज उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। बीज लेने के लिए केंद्र में किसानों की भीड़ उमड़ रही है।
कृषि विभाग के विषयवाद विशेषज्ञ डॉ. शैलेन्द्र पाल सूद ने बताया कि विभाग की ओर से किसानों को बेहतर गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीज उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, ताकि कम लागत में अधिक उत्पादन हासिल किया जा सके। उन्होंने गेहूं की 677 किस्म की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि यह किस्म कम पानी की उपलब्धता में भी बेहतर उत्पादन देने में सक्षम है। इससे किसानों को सिंचाई की कमी के बावजूद अच्छी पैदावार प्राप्त करने में मदद मिलेगी।उन्होंने किसानों से अपील की कि वे कृषि विभाग द्वारा उपलब्ध करवाए जा रहे उन्नत किस्मों के बीजों का लाभ उठाएं और फसल की बुवाई कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार करें।इस दौरान कृषि केंद्र से बीज खरीदने पहुंचे किसानों ने सरकार और कृषि विभाग की इस पहल की सराहना की। किसानों का कहना है कि सरकारी अनुदान पर अच्छी गुणवत्ता के बीज मिलने से खेती की लागत कम करने में मदद मिलती है।डॉ. सूद ने यह भी बताया कि केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं के तहत अनुदान एवं अन्य कृषि सुविधाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड बनवाना जरूरी है।
