शिमला (कमल भारद्वाज): कांग्रेस प्रचार कमेटी के प्रमुख सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि जयराम ठाकुर प्रदेश के नौकरियां बेचने वाले मुख्यमंत्री के रूप में जाने जाएंगे। प्रदेश में हुई पुलिस भर्ती के पेपर 8 से 10 लाख रुपए में बेचे गए, जो पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज हैं। जयराम राज में यह अजूबा ही हुआ कि चोर को पकड़ने की जिम्मेदारी चोर को हो सौंपी गई। जिससे पुलिस पेपर भर्ती के असली गुनाहगार पकड़ में नहीं आ सके। आज पेपर खरीदने वाले तो जेल गए लेकिन जिन लोगों ने पुलिस भर्ती का पेपर बेंचा वह अभी तक पकड़ में नहीं आए हैं।
पुलिस भर्ती की नौकरियों को बेचकर जयराम सरकार ने प्रदेश के लाखों युवाओं के साथ धोखा किया है। मुख्यमंत्री ने पुलिस भर्ती पेपर लीक की जांच सीबीआई से कराने की घोषणा की थी लेकिन आज तक सीबीआई जांच शुरु नहीं हई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर युवाओं को जवाब दें कि आखिर घोषणा करने के बाद सीबीआई जांच क्यों नहीं कराई गई। जिससे साबित होता है कि सरकार ने अपने चहेतों को बचाने के लिए सीबीआई की जांच नहीं कराई गई। सुक्खू ने कहा कि यदि पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई से होती तो तय था कि मुख्यमंत्री के कार्यालय से लेकर पुलिस मुख्यालय तक के बडे बडे अधिकारी जेल के अंदर होते।
अपने चहेतों को रोजगार देने के लिए सरकार विभागों में भर्ती के लिए ठेकेदारी प्रथा को बढ़ावा दिया है। सरकार पांच साल से आउटसोर्स कर्मियों के लिए पॉलिसी बनाने की बात कर रही है लेकिन पांच साल में पॉलिसी नहीं बना सकी है। जिससे साबित है कि प्रदेश की भाजपा सरकार युवा विरोधी है। सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर प्रदेश के सरकारी विभागों में खाली पदों को भरा जाएगा, जिससे प्रदेश के लाखों युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही भर्ती की ठेकेदारी प्रथा को बंद कर आउटसोर्स के लिए पॉलिसी बनाई जाएगी। कांग्रेस युवाओं के साथ किसी भी अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेस सरकार बनने पर सभी योग्य युवाओं को रोजगार हासिल होगा।
