मंडी/परी शर्मा: द्रंग विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी कौल सिंह ठाकुर ने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार सत्ता से बाहर होगी और कांग्रेस 45 से 50 सीट लेकर आएगी। साथ ही 5 साल की घुटन से लोगों को छुटकारा मिलेगा। इतना ही नहीं कौल सिंह ने जयराम सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और कहा कि भाजपा के खिलाफ जो चार्जशीट कांग्रेस लेकर आई है, वह पूरे सबूतों के साथ है। सरकार बनने पर दोषियों पर कार्यवाही की जाएगी। कौल सिंह ठाकुर ने मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि 31 अक्तूबर को सुबह 11 बजे पड्डल मैदान में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रिंयका गांधी जनसभा को संबोधित करेगी।
उन्होंने जयराम सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश को आर्थिक तौर पर दिवालिए पर खड़ा कर दिया है और जयराम फजूल खर्च करने वाला सीएम साबित हुए है। जयराम सरकार हर क्षेत्र में विफल रही है। उनसे बड़ी उम्मीद थी कि वे मंडी के वासी है और मंडी को कई सौगातें देगें, लेकिन मंडी जिले की आस और विश्वास निराशा में बदल गई। जयराम ठाकुर कोई नया प्रोजेक्ट नही ला सके और ना ही विकास कर सके, उनका सारा ध्यान सराज पर ही केंद्रित रहा। कौल ठाकुर ने कहा कि आज प्रदेश के कर्मचारी भी जयराम ठाकुर से नाराज चल रहे हैं।
ठाकुर ने कहा कि जयराम ठाकुर ने भ्रष्टाचार में कोई कमी नहीं छोड़ी। जनमंच में करोड़ों रुपए का खर्चा हुआ लेकिन लोगों को कोई फायदा नहीं हुआ। आजादी का अमृत महोत्सव मनाया गया। मंडी में एक महीने तक बसों के रूट बंद रहे और लोगों को परेशानी हुई। जयराम सरकार ने 50 करोड़ रुपया खर्च किया। कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री कई बार हिमाचल आए लेकिन जयराम ठाकुर प्रधानमंत्री से कुछ नहीं मांग सके।
पूरे सबूतों के साथ चार्जशीट लेकर आई है कांग्रेस
चार्जशीट पर कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि जब भाजपा कांग्रेस के खिलाफ चार्जशीट लेकर आई थी वो खोदा पहाड़ निकली चुहिया थी। उसमें सारे आरोप झूठे थे, लेकिन कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ जो चार्जशीट लेकर आए है वह पूरे सबूतों के साथ है। कांग्रेस की सरकार जब प्रदेश में आएगी तो दोषियों को सजा दी जाएगी।
