शिमला/चन्द्रिका: सिविल अस्पताल सुन्नी को 50 बिस्तरों से 100 बिस्तरों तक करने की मांग के लिए विभागीय सर्वेक्षण जल्द से जल्द किया जाएगा। ये बात स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण एवं आयुष मंत्री डॉ राजीव सैजल ने भाजपा शिमला ग्रामीण मंडल द्वारा सुन्नी मेला मैदान में आयोजित अनुसूचित जाति मोर्चा महा सम्मेलन में कही। उन्होंने कहा कि हर वर्ग के उत्थान के लिए भाजपा सरकार द्वारा नई-नई योजनाएं आरंभ की गई।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर भीमराव अंबेडकर का हमेशा ही यह संदेश रहा कि हम शिक्षित बने तथा गुणवान बने। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने पर भी बल दिया ताकि शिक्षित होकर हम अपने समाज का उत्थान कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जयराम ठाकुर की सरकार द्वारा अनेकों योजनाएं चलाई गई, जिससे प्रदेश के हर वर्ग को लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि लोक कल्याण के कार्य सिर्फ भाजपा सरकार ही करती आ रही है अब आवश्यकता रिवाज बदलने की है ताकि केंद्र व प्रदेश सरकार की डबल इंजन की सरकार से समाज के हर वर्ग को लाभान्वित किया जा सके।
