बिलासपुर:सुभाष ठाकुर- घुमारवी शहर के बीचों बीच बीती 9 तारीख को एक व्यक्ति से 43 हजार पांच सौ रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने चार महिलाओं सहित एक टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया है। घुमारवी पुलिस टीम द्वारा इन महिलाओं सहित टेक्सी चालक को पंजाब के डमटाल के नजदीक उस वक्त गिरफ्तार किया , जब यह गिरोह जालंधर से वापिस लौट रहा था। पुलिस गिरफ्तार की गई महिलाओं से पूछताछ कर रही है।
महिलाओं ने कबूल किया अपना गुनाह
शुरुआती पूछताछ में महिलाओं ने कबूल किया है कि वह अक्सर जगह जगह जाकर चोरी की वारदाताओं व बसों से लोगों के पर्स व अन्य सामान चुराने का काम करती हैं। महिलाओं ने कबूल किया है कि 9 तारीख को घुमारवी में दिन दिहाड़े उन्होंने ही व्यक्ति से 43 हजार पांच सौ रुपये की नकदी लूटी थी। महिलाओं ने पुलिस को बताया कि वह पठानकोट के नजदीक गांव में रहती हैं। 9 तारीख को वह पठानकोट से शुबह 6 बजे टैक्सी में चली थी, 11 बजे के करीब वह हमीरपुर में पहुंची व 12 बजे घुमारवी पहुंच कर व्यक्ति से पैसे लूट कर शाम को फिर पठानकोट पहुंच गई थी। शहर में दिनदिहाड़े हुई लूट के बाद पुलिस लगातार लूट करने वालो की तलाश कर रही थी। शहर के भीतर एक निजी दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के बाद कुछ अहम सुराग हाथ लगे थे। सीसीटीवी कैमरे में पंजाब नम्बर की एक टैक्सी भी संदिगध तौर पर घूमती हुई दिखाई दी थी। जिसकी बिनाह पर पुलिस ने उक्त टैक्सी के बारे में जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पैसों को लूटने वाली महिलाएं इसी टैक्सी में घुमारवी पहुंची थी। थाना प्रभारी की अगुवाई में टीम बनाई गई। टीम को डमटाल भेजा गया। वहां पर पुलिस के मुखवीरों ने पुलिस को बताया कि जिन महिलाओं की तलाश पुलिस कर रही है वह जांलधर में गए है और वापिस लौट रहे हैं। पुलिस को पक्की जानकरी मिलने पर पुलिस ने डमटाल के नजदीक घेराबन्दी कर दी। शुक्रवार शुबह करीब 5 बजे जैसे ही यह गिरोह उसी टेक्सी में डमटाल के नजदीक पहुंचा पुलिस ने गिरोह को धर दबोचा।
