Kinnaur, 17 July.-असम में ड्यूटी के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए 19 डोगरा रेजिमेंट के सपूत नायक पुष्पेंद्र नेगी को पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। मात्र 29 वर्ष की आयु में तेज हवाओं के चलते पेड़ की टहनी की चपेट में आने से उनका निधन हो गया, जिससे पूरा किन्नौर शोक में डूब गया।
सांगला क्षेत्र की थैमगारंग पंचायत के निवासी पुष्पेंद्र नेगी की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं भाजपा नेताओं ने भाग लिया। भाजपा के वरिष्ठ नेता कर्ण नंदा, सूरत नेगी, शिशु भाई धर्मा, और यशवंत नेगी सहित कई कार्यकर्ता श्रद्धांजलि देने पहुंचे।इस दौरान शहीद के परिजनों से मिलकर भाजपा नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद अनुराग ठाकुर, सुरेश कश्यप, राजीव भारद्वाज, कंगना रनौत, डॉ. सिकंदर कुमार और हर्ष महाजन की ओर से शोक संवेदनाएं प्रकट कीं।नायक पुष्पेंद्र नेगी की कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति को स्मरण करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि उनका बलिदान देश की सेवा में अमर रहेगा।
भाजपा की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया:“हम वीर पुष्पेंद्र नेगी जी की शहादत को शत-शत नमन करते हैं और ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वो दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
शहीद की पत्नी कीर्ति नेगी, छह वर्षीय पुत्र एतिक, पिता महेंद्र कुमार, और माता सरला देवी का दुःख साझा करते हुए पूरे क्षेत्र में गमगीन माहौल रहा।
