Shimla, Sanju-शिमला की व्यस्त सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महिला कांस्टेबलों की भूमिका सराहनीय रही है। AG और कैनेडी चौक जैसे अहम स्थानों पर तैनात ट्रैफिक कांस्टेबल सुनीता शर्मा ने बताया कि इन इलाकों से वीआईपी सैन्य और असैन्य ट्रैफिक का लगातार आवागमन होता है। ऐसे में उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी ट्रैफिक को व्यवस्थित रखना और लोगों को सुविधाजनक मार्ग प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि उन्हें थल सेना की ओर से सम्मान मिलने पर गर्व की अनुभूति हो रही है।
इसी तरह, कैनेडी चौक पर तैनात कांस्टेबल रिया स्वरूप ने कहा कि ट्रैफिक को नियंत्रित करके वे समाज के लिए एक छोटा-सा योगदान देने का प्रयास कर रही हैं। रिया ने माना कि शहरीकरण के कारण ट्रैफिक कंजेशन में वृद्धि हुई है, लेकिन आम जनता और पुलिस के सहयोग से इस चुनौती को आसान बनाया जा सकता है। सेना द्वारा मिले सम्मान पर रिया ने आभार जताया और कहा कि यह उनके कर्तव्य के प्रति प्रेरणा का स्रोत है।
