राहुल चावला, धर्मशाला(TSN): अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में 10 अक्तूबर मंगलवार को होने वाले इंग्लैंड-बांग्लादेश के मैच के लिए दोनों ही टीमें पूरी तरह से तैयार हैं। मैच से पहले जहां सोमवार को इंग्लैंड की टीम ने स्टेडियम में पूर्व अभ्यास किया तो वहीं उन्होंने पिच का निरीक्षण भी किया। वहीं इंग्लैंड टीम के कैप्टन जोस बटलर ने कहा कि धर्मशाला के मैदान व पिच में पिछले दो दिनों में काफी अभ्यास किया हैं। उन्होंने कहा कि पहले मैच में हार हुई है, लेकिन अब आगामी मैचों के लिए हम पूरी तरह से तैयार हैं। अब हम मैच में रन बचाने के लिए अधिक मेहनत करनी होगी, इन सभी चीजों से ही मैच जीत सकते हैं।
सोमवार को धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में इंग्लैंड टीम के कैप्टन ने कहा कि धर्मशाला मैदान व आऊट फील्ड को लेकर जो भी बातें हो रही है, लेकिन हम पूरी तरह से तैयार हैं। कैप्टन ने कहा इंजरी भी मैच का हिस्सा है, ये होती रहती हैं,लेकिन धर्मशाला की पिच अच्छी है, इसमें खेलने के लिए टीम तैयार हैं। उन्होंने कहा की धर्मशाला की पिच तेज है, स्विंग भी मिलती है, यहां पर आईपीएल में खेलने का अनुभव भी हैं, ऐसे में अपनी टीम के बेहतर कॉम्बिनेशन के साथ वह मैदान में उतरेंगे।
कैप्टन ने कहा कि हमारी टीम के काफी खिलाड़ियों ने यहां आईपीएल मैच खेले हैं। बांग्लादेश की टीम भी बहुत अच्छा खेल रही है, किसी भी टीम को कम नहीं आंक सकते। बांग्लादेश के खिलाड़ियों ने पिछले मैच से स्पिन में बेहतर खेल दिखाया है, ऐसे में हम खिलाड़ियों के प्रदर्शन को भी ध्यान में रखते हुए टीम प्लान तैयार कर रहे हैं।
