सचिन शर्मा, मनाली: भाजपा मनाली मंडल की ओर से शुक्रवार को मनाली विधानसभा क्षेत्र के घुड़दौड़ में संयुक्त मोर्चा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर भी मौजूद रहे। मनाली विधानसभा क्षेत्र के घुड़दौड़ में आयोजित इस संयुक्त मोर्चा सम्मेलन में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।
सम्मेलन में जहां आगामी 2024 लोकसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई वहीं भाजपा की केंद्र सरकार के 9 साल की उपलब्धियों को जनता के मध्य तक पंहुचाने को लेकर भी चर्चा की गई। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश जयराम ठाकुर ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में भारतीय जनता पार्टी का 9 वर्ष का कार्यकाल पूरा हुआ हैं। आज मनाली विधानसभा क्षेत्र के घुड़दौड़ में महा जनसंपर्क अभियान के तहत मनाली विधानसभा क्षेत्र का संयुक्त मोर्चा मिलन का आयोजन किया गया।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मनाली में आयोजित इस संयुक्त मोर्चा सम्मेलन में भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के अंदर 9 वर्ष के कार्यकाल में जो योजना चलाई उन योजनाओं के माध्यम से जो लाभ मिला है और प्रदेश और देश आगे बढ़ा हैं उन सभी बातों को लोगों तक पहुंचाने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि आज यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि एक मजबूत नेतृत्व देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में मिला और भारत का डंका पूरे विश्व में बज रहा हैं। आने वाले समय में हमारा एक लक्ष्य है एक दशक के बाद दूसरे दशक की शुरुआत करना हैं।
