राकेश,ऊना : पूरे देश में 3 राज्यों को मिले ड्रग पार्क में से एक ड्रग पार्क हिमाचल को मिलने के बाद जहां विपक्ष चुनावों से पहले इतने कम समय में इसकी डीपीआर बनाए जाने और उसके स्वीकृत होने पर सवाल उठा रहा है। वहीं उद्योग विभाग के माध्यम से प्रदेश सरकार इस डीपीआर को बनाने और स्वीकृत कराने के लिए जी जान से जुटी हुई थी । प्रदेश सरकार को अपने इस प्रयास में आखिरकार सफलता भी मिली । केंद्र सरकार ने ऊना जिले की हरोली विधानसभा को मिले ड्रग पार्क की डीपीआर को स्वीकृत कर लिया है । भारत सरकार की ओर से मिली स्वीकृति की जानकारी देते हुए उद्योग निगम के उपाध्यक्ष रामकुमार ने इसे हरोली के साथ-साथ ऊना जिले और पूरे प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया ।
उन्होंने इतने कम समय में डीपीआर तैयार करने और स्वीकृत करवाने के लिए किए गए प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर , उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर और केंद्र की मोदी सरकार का आभार व्यक्त किया और उन्हें इसका पूरा श्रेय दिया । रामकुमार ने इसकी डीपीआर तैयार करने में किए गए अथक प्रयासों के लिए उद्योग निगम के अधिकारियों की भी जमकर प्रशंसा की
रामकुमार ने इस डीपीआर की स्वीकृति के बाद नेता विपक्ष को अपने निशाने पर लेते हुए उन पर जमकर शाब्दिक व्यंग प्रहार किए। उन्होंने विपक्ष की ओर से चुनावों से पहले इतने कम समय में डीपीआर तैयार किए जाने और स्वीकृत करवाने पर सवाल उठाए जाने की तरफ इशारा करते हुए डीपीआर की स्वीकृति को विपक्ष पर करारा तमाचा करार दिया। उद्योग निगम के उपाध्यक्ष ने इसके आधार पर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस की कार्यशैली में अंतर बताया। उन्होंने बीजेपी के कार्यकाल में शिद्दत से काम किए जाने की बात कहते हुए नेता विपक्ष और कांग्रेस की ओर से नकारात्मक भूमिका निभाए जाने का आरोप लगाया । यही नहीं राम कुमार ने नेता विपक्ष को मुख्यमंत्री की कृपा से पात्र नहीं होने के बावजूद नेता विपक्ष का दर्जा दिए जाने की बात कही ।
