अनिल कुमार,किन्नौर: मंडियों में अब सेब किलो के हिसाब से बेचा जाएगा। यह एक ऐतिहासिक फैसला हैं जिसे प्रदेश सरकार की ओर से बागवानों के हितों को ध्यान में रखते हुए लिया गया हैं। इससे जिला किन्नौर सहित प्रदेश के बागवानों को और अधिक आर्थिक लाभ मिलेगा। इसके लिए जिला किन्नौऱ के बागवानों ने मुख्यमंत्री व जनजातीय विकास मंत्री एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी का धन्यवाद किया हैं। प्रदेश कांग्रेस मीडिया पैनलिस्ट डॉ. सूर्या बोरस नेगी ने कहा कि जिला के साथ प्रदेश के बागवानों की ओर से सेब को वेट के हिसाब से बेचने की लंबे समय से मांग की जा रही थी,जिस पर किन्नौर विधायक जगत सिंह नेगी की ओर से मंत्री बनने के बाद से ही तुरंत इस दिशा में कार्य करना शुरू किया था।
सबसे पहले बागवानों व बागवानी से जुड़े संगठनों , उद्यान विभाग के अधिकारियों व इस व्यवसाय से जुड़े आढ़ती,अदानी व कंपनियों के साथ बैठक की ओर प्रदेश सरकार के साथ मिलकर बागवानों के हित में सेब को किलो के हिसाब से बेचने का फैंसला लिया। उन्होंने यह भी कहा कि इससे जहां एक ओर बागवानों को नगदी फसल सेब को बेचने से अधिक आर्थिक लाभ मिलेगा,वहीं दूसरी ओर बागवान आर्थिक नुकसान से भी बचेंगे। उन्होंने कहा कि 20 किलोग्राम की पेटी में 28 या 30 किलोग्राम सेब की पैकिंग होती हैं, लेकिन बागवानों को 20 किलोग्राम के ही पैसे मिलते थे। अब उन्हें 28 या 30 किलोग्राम के पैसे मिलेंगे, जिससे बागवानों को आर्थिक नुकसान से राहत मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार यूनिवर्सल कार्टन को लागू करने की दिशा में भी कार्य कर रही हैं। हमें आशा है कि सरकार की ओर सर यह फैंसला भी बागवानों के हित में लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जगत सिंह नेगी खुद बागवानी क्षेत्र से जुड़े हैं तथा बागवानी मंत्री बनने के बाद किसानों व बागवानों के हित मे कार्य करने में लगे हुए हैं ।
