बिलासपुर : सुभाष ठाकुर- स्वारघाट में भाजपा मंडल श्री नैना देवी द्वारा कार्यकर्ता मिलन समारोह का आयोजन किया। जिसमे केन्द्रीय सूचना और प्रसारण, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री एवं हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर ने बतौर मुखायातिथि शिरकत की | भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं नैना देवी विधानसभा के विधायक रणधीर शर्मा ने हिमाचल के प्रवेश द्वार गरामौड़ा में भव्य एवं जोरदार स्वागत किया ।
कार्यकर्ता मिलन समारोह में आने से पूर्व अनुराग ठाकुर ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन का भी निरीक्षण किया । समारोह में अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने प्रदेश के आधारभूत ढाँचे को सुदृढ़ किया है । मोदी सरकार ने हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य को भानुपल्ली-बिलासपुर रेलवे लाइन की सौगात दी और इसके लिए 1000 करोड़ रूपये का बजट भी दिया है ,जोकि आज तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है । उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने रेलवे के लिए 2 लाख 40 हजार करोड़ रूपये का बजट रखा है , जोकि साल 2014 के मुकाबले नौ गुणा ज्यादा है | यही नहीं कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन भी रिकॉर्ड समय में बनाया जा रहा है और पूरा-पूरा प्रयास है कि आने वाली 15 मई को इसका उद्घाटन केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गटकरी से करवाया जाएगा ।
