कुल्लू/मनमिन्द्र अरोड़ा: हिमाचल प्रदेश के राफ्टिंग सेंटर पिरडी में राफ्टिंग और क्याकिंग का आयोजन किया गया। जिसके माध्यम से जिला कुल्लू के साथ-साथ प्रदेश और देश के लोगों को मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। इस दौरान क्याकिंग के साथ-साथ राफ्ट में सवार होकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग और अन्य अधिकारियों ने पिरडी से लेकर बजौरा तक राफ्टिंग व क्याकिंग की और मतदाताओं को इस जागरूकता का संदेश दिया ताकि अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सरकार बनाने में भागीदारी सुनिश्चित करें।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग ने बताया कि 12 नवंबर को हिमाचल प्रदेश में मतदान होना है और अधिक से अधिक लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करें। इसके प्रति जागरूक करने के लिए निर्वाचन आयोग एवं प्रशासन की ओर से विभिन्न गतिविधियां करवाई गई । शुक्रवार को पीरडी के राफ्टिंग सेंटर में क्याकिंग और राफ्टिंग करवा कर जागरूकता का संदेश दिया गया।

उन्होंने कहा कि जिला कुल्लू एडवेंचर टूरिज्म का केंद्र है और इस तरह की गतिविधियां करवाने से जागरूकता का संदेश सिर्फ कुल्लू ही नहीं बल्कि प्रदेश और देश तक जाएगा। जबकि इससे पहले जिला मुख्यालय कुल्लू में पैराग्लाइडिंग का भी आयोजन किया गया और साथ में जिला भर के अलग-अलग स्थानों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी मतदाताओं को जागरूक करने का प्रयास किया गया।

