विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के विश्वविख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में शुक्रवार को पंजाब के फिलोर के एक दंपत्ति कृष्ण और राधा मां चिंतपूर्णी के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे। इस मौके पर कृष्ण दत्त भरवाईं से दंडवत होकर मां चिंतपूर्णी के दरबार की 3 किलोमीटर की यात्रा की। इस दौरान धर्मपत्नी राधा ने उनका सहयोग किया।
दंपति ने बताया कि उन्होंने मां चिंतपूर्णी के दरबार में माता रानी से उनका कर्जा उतारने की प्रार्थना की थी जिसके बाद कर्ज उतर गया। संयोगवश वह अपनी प्रतिज्ञा पूरी करना भूल गए जिसके कारण एक बार फिर से परिवार कर्जे की दलदल में फंस गया और इस वक्त परिवार किराए के मकान में रह रहा हैं। परिवार ने इस घटना के बारे चिंतन किया तो स्मरण आया कि काफी समय पहले की गई प्रतिज्ञा पूरी नहीं की जिसके कारण यह स्थिति हो गई हैं। आज उस प्रतिज्ञा को पूरी करने के लिए मां के दरबार में पहुंचे हैं और मां के आशीर्वाद से दोबारा फिर कर्जे से मुक्त हो जाएंगे।
