राहुल चावला,धर्मशाला: धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले पहले टी-20 मैच को लेकर मंगलवार को पंजाब किंग्स के खिलाड़ियों ने धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में उतरकर खूब अभ्यास किया। वहीं पंजाब किंग्स के बल्लेबाजी के कोच वसीम जाफर ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि पंजाब किंग्स के सभी खिलाड़ी हर मैच के दौरान अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और इसी अच्छे प्रदर्शन के दौरान बुधवार को होने वाले टी-20 मैच में पंजाब टीम के खिलाड़ी मैदान में अपनी जीत दर्ज करने के लिए उतरेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली कैपिटल टीम के साथ होने वाला मैच उनके लिए काफी महत्वपूर्ण हैं इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह टीम को एक चुनौती के रूप में देखते हैं। जाफर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि कल हम एक बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने कहा कि पंजाब किंग्स के सभी खिलाड़ियों की फिटनेस काफी अच्छी है जिसके चलते उन्होंने अपने पिछले मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन किया हैं। उन्होंने कहा कि धर्मशाला की पिच फास्ट पिच के रूप में जानी जाती हैं। ऐसे में यह स्पष्ट है कि तेज गेंदबाजों को इस पिच से मदद जरूर मिलने वाली हैं।उन्होंने कहा कि अभी तक जितने भी टी-20 के मैच धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए उन सभी मैचों में काफी ज्यादा स्कोर बनाया गया हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब किंग्स के बल्लेबाज भी बड़े लक्ष्य का पीछा करने में सक्षम है और निश्चित रूप से पंजाब किंग्स की टीम इस मैच में अपनी जीत दर्ज करेगी।
वसीम जाफर ने कहा कि अभी हाल ही में धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम को रिपेयर करके उसमें बरमूडा घास को लगाया गया हैं। इस बरमूडा घास के लगने के कारण धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम की आउटफील्ड में काफी तेजी हैं। उन्होंने कहा कि आउटफील्ड में तेजी आने के कारण इस पिच पर बल्लेबाजी करने वाले बल्लेबाजों को कहीं ना कहीं आउटफील्ड से जरूर मदद मिलने वाली हैं। उन्होंने धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम की सुंदरता की तारीफ करते हुए कहा कि धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम विश्व के सबसे खूबसूरत स्टेडियमों में से एक है और यह पंजाब किंग्स टीम के खिलाड़ियों के लिए गर्व की बात है कि यह उनका होम ग्राउंड हैं।
