मंडी/धर्मवीर – देश में चल रही शिक्षा प्रणाली में केंद्र सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए, ताकि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लग सके। यह मांग यूथ राष्ट्रीय यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानू चिब ने सुंदरनगर में आयोजित प्रेस वार्ता के माध्यम से रखी है। इस मौके पर उन्होंने केंद्र व हिमाचल भाजपा नेताओं पर भी कई तीखे हमले किए। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में कई प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं, जिसमें भाजपा नेताओं ने करोड़ों रुपये का खेल खेला है। ऐसे मामलों में सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए चिब ने आरोप लगाते हुए कहा कि पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने देश की बहूमुल्य संपत्ति जंगल और जमीन का लुटाने का काम किया है। दोनों नेताओं ने मात्र एक रूपये प्रति एकड़ के हिसाब से उद्योगपति गौत्तम अडानी को जमीन सौंपी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर मोदी सरकार अडानी के लिए इतनी ज्यादा दरियादिली दिल दिखा सकती है तो प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए भी बड़ा दिल दिखाकर उनसे भी महज एक रुपये परीक्षा शुल्क लिया जाए। राष्ट्रीय यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने बिहार में छात्रों के खिलाफ कथित तौर पर एके-47 के इस्तेमाल को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले छात्रों और युवाओं के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई।

