नाहन :देवेंद्र कुमार (TSN)- जिला मुख्यालय नाहन में सड़कों पर आवारा कुत्तों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है । आए दिनों जहां यह कुत्ते सड़क दुर्घटनाओं को न्यौता दे रहे हैं तो वही लोगों के लिए भी यह खतरा बने हैं । डॉ वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज अस्पताल नाहन में आए दिनों आवारा कुत्तों के काटने के बाद घायल होकर लोगों के पहुंचने का सिलसिला भी देखा जा रहा है। लगातार बढ़ती आवारा कुत्तों की संख्या को देखते हुए अब नगर परिषद ने इनको पकड़ने का अभियान शुरू किया है।
नगर परिषद नाहन के कार्यकारी अधिकारी संजय तोमर ने बताया कि लगातार बढ़ रही शहर में आवारा कुत्तों की संख्या को देखते हुए इनको पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया है । पशुपालन विभाग के सहयोग से आवारा कुत्तों की नसबंदी का कार्य किया जा रहा है । उन्होंने बताया कि रोजाना नगर परिषद के कर्मी आधा दर्जन से अधिक आवारा कुत्तों को पकड़ रहे हैं । कुत्तों को पकड़ कर उनके खाने पीने की भी व्यवस्था की गई हैं । उन्होंने बताया कि एक दिन में 4 से 5 कुत्तों की नसबंदी की जाती हैं । नसबंदी के 3 दिन बाद कुत्तों को छोड़ा जाता हैं । उन्होंने बताया कि यह अभियान आगामी 1 माह तक जारी रहेगा।
