मंडी:धर्मवीर (TSN)-मंडी संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत द्वारा कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी और मंत्री विक्रमादित्य सिंह पर की गई टिप्पणी पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व पूर्व मंत्री कौल सिंह ने कंगना को घेरा है। कौल सिंह का कहना है कि जिस भाषा शैली का इस्तेमाल कंगना कर रही है, इस शैली को हिमाचल की जनता सहन करने वाली नहीं है। पप्पू कौन होगा कंगना को मंडी की जनता चुनावों में इसका जवाब देगी और हारने के बाद कंगना को वापिस मुंबई जाना पडेगा।
कौल सिंह ने कंगना को घेरते हुए कहा कि कभी वह कहती हैं कि आजादी 2014 में मिली है तो कभी बोलती हैं कि आजादी भीख में मिली है।जबकि कंगना के पडदादा स्वतंत्रता सेनानी रहें है और यह बात उन्होंने ने भी कबूली है। कंगना की ऐसी बातों से प्रतीत होता है कि उसमें ज्ञान की बहुत कमी है।कंगना कभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान राम तो कभी भगवान विष्णु का अवतार बता रही हैं।हिमाचल में आई आपदा के दौरान कंगना मुम्बई में व्यस्त रही,उन्होंने एक बार भी आपदा प्रभावितों का हाल नहीं जाना।कंगना आरोप लगा रही है कि हिमाचल सरकार ने आपदा का पैसा हड़प लिया। उन्हें इतना भी शिष्टाचार नहीं है कि हिमाचल में किस भाषा शैली का इस्तेमाल होता है।
युवा नेता के तौर पर विक्रमादित्य ने प्रदेश में बनाई है अलग पहचान
वहीं मंडी संसदीय सीट से विक्रमादित्य सिंह के चुनावी मैदान में होने पर कौल सिंह ने कहा कि विक्रमादित्य युवा नेता है और विक्रमादित्य ने हिमाचल में अपनी अलग पहचान बनाई है।कांग्रेस विकास के नाम पर चुनावों में उतरेगी और लोकसभा की चारों सीटें जीतेगी। उन्होंने दावा किया कि उपचुनाव की 6 सीटों पर भी कांग्रेस जीत दर्ज करेगी और कांग्रेस को धोखा देने वाले विधायकों को जनता सबक सिखएगी।कांग्रेस की प्रदेश सरकार को किसी से कोई खतरा नहीं हैं और यह सरकार पूरे पांच साल चलेगी। इससे पहले पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने गांधी भवन मंडी में संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई।इस मौके पर एपीएमसी चेयरमैन संजीव गुलेरिया व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
