मंजूर पठान, चंबा: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आते जा रहे हैं, वैसे-वसे सियासत गरमाने लगी है। भरमौर की ठंड में भी सियासी पारे की गर्माहट है। यहां कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशी एक दूसरे के खिलाफ़ जमकर बयानबाजी कर रहे हैं। एक तरफ भरमौर क्षेत्र से पूर्व वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी चुनावी मैदान में है ओर अपना 11वां चुनाव लड़ रहे है। तो वहीं दूसरी और भाजपा ने अपने सिटिंग विधायक की टिकट काटकर किसी अन्य प्रत्याशी को मैदान में उतारा है।
बता दें कि ठाकुर सिंह भरमौरी कद्दावर नेताओं में से एक है और भरमौर विधान सभा में उनकी खासी पकड़ है क्योंकि राजनीति में उनका लंबा अनुभव रहा है। ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा कि जो व्यक्ति कभी भरमौर विधानसभा क्षेत्र में रहा ही नहीं है उसके ऊपर जनता विश्वास क्यों करेगी और जनता का जनसैलाब कांग्रेस पार्टी के साथ है और हम प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में काबिज होंगे और जनता इसका जवाब भाजपा को जरूर देगी। वहीं दूसरी और ठाकुर सिंह भरमौरी ने भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर जनक राज के उस बयान को लेकर कड़ी निंदा की है जिसमें डॉ. जनक राज ने कहा था कि ठाकुर सिंह भरमौरी एक सूखा पेड़ है जिन से कुछ मिलने वाला नहीं है।
इस पर पलटवार करते हुए ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा है कि हमारे परिवार कि इस तरह की परवरिश नहीं है कि हम किसी के बुजुर्ग को इन शब्दों में पुकारें। रिश्ते में वह मेरे चाचा लगते हैं, मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि अगर ठाकुर सिंह भरमौरी सूखा पेड़ है तो भाजपा प्रत्याशी बताएं कि उनके पिता ओर उनके दादा क्या है? उनका रिश्ता क्या है? इसी तरह की बयानबाजी से यहां राजनीति का पारा ऊपर बढ़ना शुरू हो गया है और इसके नतीजे क्या होंगे यह तो आनेवाला वक्त ही तय करेगा।
