Chintpurni,26 April:जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में चिंतपूर्णी व्यापार मंडल द्वारा आहूत बंद का शुक्रवार को व्यापक असर देखने को मिला। बंद के चलते श्रद्धालुओं को प्रसाद,भोजन और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी झेलनी पड़ी।
शाम 4:00 बजे तक बाजार पूरी तरह बंद रहे,जिससे श्रद्धालुओं को बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा हालांकि,मंदिर न्यास द्वारा लंगर हाल में दोपहर 12:00 बजे लंगर आरंभ कर दिया गया,जिससे श्रद्धालुओं को दोपहर का भोजन मिल पाया और उन्हें कुछ राहत मिली।
मंदिर न्यास की व्यवस्थाएं बनी रहीं सराहनीय
व्यापार बंद के बीच भी मंदिर न्यास द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। नियमित दोपहर और शाम के लंगर की व्यवस्था यथावत रही,जिससे श्रद्धालुओं ने संयम और शांति बनाए रखते हुए मंदिर न्यास की सेवा की सराहना की।
व्यापार मंडल की सख्ती
कुछ दुकानदारों द्वारा चोरी-छिपे दुकानें खोलने की कोशिश की गई,जिस पर व्यापार मंडल ने सख्त रवैया अपनाते हुए ऐसी दुकानों को बंद कराया और संबंधित व्यापारियों को चेतावनी दी।
बंद का उद्देश्य आतंकी हमले के प्रति विरोध प्रकट करना था, और चिंतपूर्णी में इसका प्रभाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
