Shimla,18 January-:हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से जारी सूखे की स्थिति से जल्द राहत मिलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में अगले तीन दिन अच्छी बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में यह बदलाव आएगा।
लाहौल से लेकर कुल्लू घाटी तक शीतलहर का प्रभाव जारी है। रोहतांग दर्रा, बारालाचा और शिकुंला दर्रा में हल्की बर्फबारी हुई है, और वीकेंड पर सैलानी लाहौल की बर्फीली वादियों में पहुंच चुके हैं। वहीं बरठीं, हमीरपुर, ऊना और मंडी में भी शीतलहर दर्ज की गई। राज्य के 15 स्थानों पर रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया।
प्रमुख स्थानों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया:
शिमला 5.5, सुंदरनगर 2.8, भुंतर 3.5, कल्पा 2.0, धर्मशाला 3.2, ऊना 2.7, नाहन 6.0, पालमपुर 3.0, सोलन 3.8, मनाली 2.1, कांगड़ा 4.8, मंडी 3.9, बिलासपुर 5.0, हमीरपुर 2.1, जुब्बड़हट्टी 6.2, कुफरी 5.3, कुकुमसेरी -2.5, नारकंडा 3.9, रिकांगपिओ 5.0, सेऊबाग 8.0, बरठीं 1.7, चौपाल 5.9, कसौली 7.1, पांवटा साहिब 9.0, सराहन 7.7, देहरागोपीपुर 8.0, ताबो -0.9, नेरी 10.0 और बजौरा 5.0 डिग्री सेल्सियस।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 18 से 20 जनवरी तक हल्की बारिश-बर्फबारी जारी रहेगी। इसके बाद 21 जनवरी को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे 22 से 24 जनवरी तक राज्य में अच्छी बारिश और बर्फबारी की संभावना बढ़ जाएगी। 22 जनवरी को मध्य और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होगी, जबकि 23 और 24 जनवरी को ज्यादातर क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 23 जनवरी को ऊंचे पर्वतीय इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।अगले 3-4 दिनों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। उसके बाद मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है, जबकि राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 4-6 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है।इस बार की बारिश और बर्फबारी से प्रदेश में लंबे समय से जारी सूखे की समस्या से राहत मिलने के साथ-साथ कृषि और जल स्रोतों के लिए भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
