मंडी :धर्मवीर- हिमाचल प्रदेश के विशेष बच्चों की तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आज से सुंदरनगर में शुरू हो गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ स्पेशल ओलंपिक भारत की अध्यक्षा डा. मल्लिका नड्डा ने किया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 9 जिलों से आए 100 विशेष खिलाड़ी फ्लोरबॉल, बैडमिंटन और टेबल टैनिस प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं।
चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर लेंगे भाग
इस अवसर पर डॉ. मल्लिका नड्डा ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता से चयनित होने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा और जो राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतरी प्रदर्शन करेगा उसके स्पेशल ओलंपिक की विंटर गेम्स में भाग लेने का अवसर दिया जाएगा। दो वर्षों के बाद विशेष खिलाड़ियों के लिए विंटर गेम्स इटली में आयोजित होने जा रही हैं। हिमाचल प्रदेश से अधिक खिलाड़ियों द्वारा इन खेलों में भाग लिया जाता है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने आए खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दी। इस मौके पर डॉ. मल्लिका नड्डा और सुंदरनगर के विधायक राकेश जंवाल ने बर्लिन में आयोजित विश्व ग्रीष्मकालीन खेल प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटे हिमाचल के 2 विजेता विशेष खिलाड़ियों और उनके 3 प्रशिक्षकों को प्रदेश की ओर से सम्मानित भी किया। डा. नड्डा ने कहा कि बर्लिन में आयोजित विश्व ग्रीष्मकालीन खेल प्रतियोगिता में भारत से 198 विशेष खिलाड़ी ने 15 खेलों में भाग लिया। देश को गौरान्वित करते हुए इन खिलाड़ियों द्वारा 202 मैडल लाए गए हैं। प्रदेश से अविनाश ने बास्केटबाल में स्वर्ण और सूरज ने वॉलीबाल मे कांस्य पदक जीत देश और प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
