शिमला:चन्द्रिका (TSN)- अयोध्या में 22 जनवरी को होने जा रहे प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भले ही कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने दूरी बना ली हो लेकिन हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के तीन दिग्गज नेता राजनीती से हटकर इसे अपनी आस्था से जोड़कर देख रहे हैं । इन नेताओं का ये भी कहना है कि प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम के लिए किसी निमंत्रण का इंतजार नहीं है बल्कि वे जब भी समय मिला,अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन जरूर करेंगे ।
निमंत्रण का इंतजार नहीं..जब भी समय मिला, रामलला के दर्शन करेंगे जरूर
अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य, धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा और सुजानपुर के विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा अपनी धार्मिक आस्था से जोड़कर इसका न केवल खुले दिल से स्वागत कर रहे हैं बल्कि यह तीनों नेता बार-बार यह कह रहे हैं कि भगवान राम कण-कण में व्याप्त हैं और भारत देश की पहचान होने के साथ-साथ सभी धर्मों के लिए सर्वोपरि हैं। पार्टी के स्टैंड और राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर कांग्रेस के यह तीनों कद्दावर नेता सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट कर रहे हैं कि हिमाचल देवभूमि है और भगवान राम में उनकी गहरी आस्था है इसलिए अपने घर में वे रामायण का पाठ भी करवाते हैं और धार्मिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर शिरकत भी करते हैं। इन तीनों नेताओं का कहना है कि 22 तारीख को प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम के लिए किसी निमंत्रण का इंतजार नहीं है बल्कि वे जब भी समय मिला, अयोध्या की पावन नगरी में जाकर रामलला के दर्शन जरूर करेंगे क्योंकि भगवान राम उनके लिए आदर्श हैं और उनकी आस्थाओं के प्रतीक हैं।
