बिलासपुर : सुभाष ठाकुर-शक्तिपीठ श्री नैना देवी में आज से होला मोहल्ला मेला शुरू हो गया। पांच दिवसीय होला मोहल्ला मेला 9 मार्च तक चलेगा। श्री आनंदपुर साहब के समीप ऊंची पहाड़ी पर स्थित श्री नैना देवी मंदिर में भी आजकल होला मोहल्ला मेला चल रहा है । ज्यादातर श्रद्धालु पंजाब के आनंदपुर साहिब में दर्शन करके माता श्री नैना देवी के दरबार में पहुंचते हैं और माता का शुभ आशीर्वाद प्राप्त करके अपने घरों को वापस जाते हैं।
जिला प्रशासन के द्वारा यहां पर पांच दिवसीय होला मोहल्ला मेला घोषित किया गया है। जिसके तहत जगह जगह पर पुलिस बल तैनात है व होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं । श्रद्धालुओं को लाइनों में माता जी के दर्शन के लिए भेजा जा रहा है। हालांकि आज रविवार की छुट्टी के चलते काफी संख्या में श्रद्धालु माताजी के दरबार में पहुंचे और श्रद्धालुओं को छोटे-छोटे जत्थों में रोका गया होमगार्ड के जवानों ने लाइनों में ही श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए भेजा। पंजाब हिमाचल हरियाणा और दिल्ली से काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने होला मोहल्ला के दौरान माताजी के दर्शन किए और अपनी मनोकामना पूर्ण की ।
