संजु चौधरी,शिमला: हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को विधानसभा चुनावों के लिए मतदान होगा। चुनावों को लेकर तैयारियां निर्वाचन विभाग की ओर से पूरी की जा रही हैं। ऐसे में जिन कर्मचारियों की ड्यूटी चुनावों में लगाई गई है उन कर्मचारियों को भी ट्रेनिंग देने के साथ ही चुनावी रिहर्सल करवाई जा रही है। वहीं शिमला के पोर्टमोर स्कूल में बुधवार को चुनाव में तैनात कर्मचारियों की पहली रिहर्सल करवाई गई।
इस दौरान कर्मचारियों को चुनाव प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। ट्रेनिंग में रिटर्निंग ऑफिसर शिमला शहरी भानू गुप्ता और चुनाव पर्यवेक्षक भी मौजूद रहे। एसडीएम शिमला शहरी एवं रिटर्निंग ऑफिसर भानु गुप्ता ने बताया कि करीब 500 कर्मचारियों को आज सुबह 3 घंटे चुनाव प्रक्रिया की ट्रेनिंग दी जा रही है। इस ट्रेंनिग के दौरान कर्माचारियों को बताया गया कि ईवीएम मशीन कैसे काम करती है और वीवीपेट उसके साथ कैसे अटैच किया जाता है। सेशन में 500-500 कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जा रही है ताकि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संपन्न करवाए जा सकें।
