संजीव महाजन,नूरपुर: प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक है। नामांकन की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। ऐसे में हॉट सीट मानी जाने वाली फतेहपुर विधानसभा में इस बार सियासत एक बार फिर से गर्मा गई है। फतेहपुर विधानसभा में बीती रात भाजपा के प्रत्याशी वन मंत्री राकेश पठानिया और उनके बेटे के खिलाफ जगह-जगह पर पोस्टर लगाए गए हैं। यहां पोस्टर लगने से सियासी पारा ऊपर चढ़ गया है। फतेहपुर विधानसभा में जगह-जगह लगे पोस्टरों ने फतेहपुर की जनता में एक और चर्चा को खड़ा कर दिया है।
इस बार जो पोस्टर यहां लगाए गए हैं उसमें राकेश पठानिया और उनके बेटे की फोटो के साथ ही पोस्टरों पर फतेहपुर को बचाना है तो बाप-बेटे को भगाना है। बाप दो नंबरी तो बेटा 10 नंबरी जैसे शब्द लिखे गए हैं। 80 से 90 के करीब पोस्टर फतेहपुर विधानसभा में अलग-अलग जगहों पर लगाए गए हैं। बता दें कि बीजेपी ने इस बार वन मंत्री राकेश पठानिया को यहां से टिकट देकर चुनावी मैदान में उतारा है, लेकिन बीजेपी से निष्कासित पूर्व सांसद एवं पूर्व राजस्व मंत्री डॉ. राजन सुशांत और पूर्व राज्य सभा सांसद एवं बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाल परमार भी यहां से चुनावी मैदान में कूद पड़े है। जिन्होंने भाजपा प्रत्याशी राकेश पठानिया की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
यही कारण है कि यहां पर चुनावी गर्मी बढ़ने से बीजेपी (BJP) को पसीना आना लाजमी हो गया है। इस बार फतेहपुर में चुनावी मुकाबला चौतरफा हो गया है। इस बार फतेहपुर में कांग्रेस से भवानी पठानियां, भाजपा से राकेश पठानियां ,भाजपा से बागी हुए पुर्व सांसद डॉ. राजन सुशांत व भाजपा से असंतुष्ट चल रहे कृपाल परमार इन चार धुरंदर चेहरों के बीच चारकोणी मुकाबला होने जा रहा है। मगर अब लगे इन पोस्टरों ने फतेहपुर में सियासी गर्मी को और बढ़ा दिया है।
