कुल्लू (मनमिन्दर अरोड़ा): कुल्लू जिले के बंजार में एक दर्दनाक कार हादसा होने का मामला सामने आया है। जहां कार में करीब 4 लोग सवार थे। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। जिनका कुल्लू अस्पताल में इलाज चल रहा है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शव की शिनाख्त जीवन लाल निवासी गांव सेरी, तहसील बंजार जिला कुल्लू और राम सिंह निवासी तांदी तहसील बंजार जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
मंगलवार देर रात को बंजार के सेरी के पास कार नंबर (एचआर 26 एपी 1145) अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और कार में सवार चारों लोगों को बाहर निकाला। मामले की पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुल्लू सागर चंद्र ने की है। उन्होंने बताया पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन करनी आरंभ कर दी है।
