अनिल कुमार, किन्नौर: प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर में आने वाले पर्यटक यहां साहसिक खेल गतिविधियों कभी लुफ्त उठा सकेंगे। इसके लिए जो ट्रायल जिला में लिए जा रहे थे वह सभी सफल रहे हैं अब जल्द ही यहां पर साहसिक खेल गतिविधियों को शुरू कर पर्यटकों को इसकी सुविधा मुहैया करवाई जाएगी।
मंगलवार को जनजातीय जिला किन्नौर के जिला पर्यटन अधिकारी डॉक्टर मेजर शशांक गुप्ता ने रिकांग पिओ में मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि जिला किन्नौर में साहसिक खेलों की गतिविधियों को शुरू करने के लिए किन्नौर प्रशासन की ओर से जिला किन्नौर के छितकुल,रकछम,रल्ली में साहसिक खेलों की गतिविधियों का ट्रायल किया गया जिसमें यह तीनों ट्रायल सफल हुए हैं।
डॉक्टर मेजर शशांक गुप्ता ने बताया कि जनजातीय जिला किन्नौर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे में ज़िला के तीन स्थान छितकुल में पैराग्लाईडिंग,रकछम मे रिवर राफ्टिंग व रल्ली स्थित सतलुज नदी पर जेट स्की खेल का ट्रायल किया गया और यह ट्रायल सफल हुआ हैं। ट्रायल सफल होने के बाद तीनों स्थानों पर साहसिक खेलों की गतिविधियों को शुरू करने के लिए प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि व ज़िला प्रशासन अटल बिहारी वाजपेयी माउन्टेनिंग एंड अलाइड स्पोर्ट्स के टेक्निकल टीम ने तीनों स्थानों का निरीक्षण कर लिया हैं ताकि जल्द से जल्द तीनों स्थानों पर साहसिक खेलों की गतिविधियों को शुरू किया जा सके और युवाओं को ज़िला में रोजगार के अवसर प्राप्त हो।
उन्होंने कहा कि किन्नौर ज़िला में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए साहसिक खेलों की गतिविधियों को शुरू करना आवश्यक इसलिए है क्योंकि ज़िला में प्राकृतिक सौन्दर्य के साथ साहसिक खेलों की गतिविधि पर्यटकों को ज़िला के अंदर लंबे समय तक रोककर रखेगी। इससे ज़िला के पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा और होटल वव्यवसायी व आम जनमानस भी आर्थिक रूप से मजबूत होगा।
