संजू चौधरी, शिमला:पांच अक्टूबर को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में पत्रकारों से करैक्टर सर्टिफिकेट मांगने के मामले में कांग्रेस पार्टी मुखर नजर आ रही है। हिमाचल कांग्रेस के उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के साथ अन्याय करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की वास्तविकता को बताता है कि किस तरह पत्रकारों को परेशान करने के लिए करैक्टर सर्टिफिकेट मांगने का काम किया जा रहा है। वहीं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेश चौहान में निजी चैनलों की ओर से दिखाए जा रहे सर्वे को भी गलत करार दिया। उन्होंने कहा कि सरकार चैनल के सर्वे को प्रभावित कर रही है, लेकिन प्रदेश की जनता सत्ता परिवर्तित करने का पूरा मन बना चुकी है।
हिमाचल कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा कि यह दिल्ली का सर्वे है, जो हकीकत से कोसों दूर है। सर्वे में विरोधाभासी बातें कही गई है। सर्वे में बताया गया है कि 45 फीसदी लोग जयराम सरकार से नाराज हैं और उसको बदलना चाह रहे हैं। वहीं, 33 फीसदी लोग नाराज तो हैं, लेकिन सरकार को बदलना नहीं चाह रहे। अगर नाराजगी के पूरे आंकड़े को देखा जाए तो कुल मिलाकर 78 फीसदी लोग जयराम सरकार से नाराज हैं और सीटों में अगर इस आंकड़ें को बदला जाए तो इसके आधार पर 55 से 60 सीटें कांग्रेस को मिलती दिख रही है।
चौहान ने कहा कि हिमाचल के एक वेब चैनल में किए जा रहे सर्वे ने साफ तौर पर हिमाचल में कांग्रेस सता में आती दिख रही है। यह चैनल मतदाताओं का ऑनलाइन सर्वे कर रहा है।
प्रियंका गांधी वाड्रा 10 अक्टूबर को करेंगी सोलन दौरा
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के सोलन दौरे को लेकर भी हिमाचल उपाध्यक्ष निवेशकों ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी का 10 अक्टूबर को सोलन का दौरा प्रस्तावित है । कांग्रेस महासचिव कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए आएंगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही सोलन में रैली स्थल तय कर लिया जाएगा।
