बिलासपुर, सुभाष-:69वीं राष्ट्रीय अंडर-14 कुश्ती प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर लौटे बिलासपुर के प्रतिभाशाली पहलवान वीर सम्राट का उनके विद्यालय चांदपुर में भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में प्रधानाचार्य शशिपाल चौहान, एसएमसी प्रधान, विद्यालय स्टाफ, अभिभावकों तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वीर सम्राट की ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर पूरे विद्यालय में गर्व और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान वीर सम्राट का फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया गया और उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया। शिक्षकों ने कहा कि वीर सम्राट की यह सफलता अनुशासन, कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास का परिणाम है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। विद्यालय प्रबंधन ने उनकी मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल अपने परिवार और विद्यालय का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे बिलासपुर जिला और हिमाचल प्रदेश का मान भी बढ़ाया है।
प्रधानाचार्य शशिपाल चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि 69वीं राष्ट्रीय स्कूली कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन 30 जनवरी से 3 फरवरी तक दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में किया गया था। इस प्रतियोगिता में देशभर से चयनित खिलाड़ियों ने भाग लिया। हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक अपने नाम किए। चंबा जिले के वेंतिक राणा ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि बिलासपुर के वीर सम्राट और ऊना जिले की वारिका ने कांस्य पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया।समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने वीर सम्राट के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास जताया कि वे आने वाले समय में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
Chandrika
