नाहन :देवेंद्र कुमार- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व वन निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची ने आरोप लगाया है कि हिमाचल में प्राकृतिक आपदा के समय केंद्र सरकार से कोई आर्थिक मदद प्रदेश सरकार को नहीं मिल पाई है। वन संपदा को हुए नुकसान का जायजा लेने सिरमौर जिला पहुंचे केहर सिंह खाची नाहन में आज पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
केहर सिंह खाची ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में एक बहुत बड़ी आपदा आई है । ऐसे समय में हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार से एक बड़ी मदद की उम्मीद थी,मगर अभी तक कोई आर्थिक मदद हिमाचल सरकार को केंद्र सरकार की तरफ से नहीं मिल पाई है ।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को चाहिए कि वो जल्द से जल्द हिमाचल को बड़ी आर्थिक मदद दे।कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार से मदद न मिलने के बावजूद प्रदेश सरकार हर संभव कोशिश कर रही है कि कैसे आपदा के इस समय से और लोगों को बाहर निकाला जाए और तमाम व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए।
वन निगम के उपाध्यक्ष ने कहा कि विभिन्न विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जल्द तमाम मूलभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए ।उन्होंने कहा कि वन विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि यदि कहीं भी पेड़ों से जान-माल के नुकसान का खतरा बना हुआ है, उन पेड़ों को तुरंत हटाया जाए ताकि किसी भी प्रकार का नुकसान ना झेलना पड़े।
