मंडी :धर्मवीर (TSN)- मंडी जिला के द्रंग पुलिस थाने को शिफ्ट करने का विरोध लगातार जारी है। करीब दो माह पूर्व इस थाने को पधर शिफ्ट कर दिया गया है। द्रंग के वाशिंदे सरकार से इस बात को लेकर अधिक नाराज हैं कि अगर थाने को शिफ्ट करना ही था तो द्रंग में कम से कम पुलिस चौकी तो रहने देते।
रिसायतकाल से द्रंग में थी पुलिस चौकी
बता दें कि रिसायतकाल के दौरान द्रंग में पुलिस चौकी खुली थी। इसका भवन काफी पुराना है और थाने के लिए नया भवन पधर में बनाया जा रहा है। इसलिए थाने को अब पधर शिफ्ट कर दिया गया है और वहां पर भी इसे अस्थायी भवन में ही चलाया जा रहा है। द्रंग से पधर की दूरी 12 किमी की है। ग्रामीणों का कहना है कि द्रंग में जो रियासतकालीन पुलिस चौकी थी उसे फिर से खोला जाए। इससे क्षेत्र के असामाजिक तत्वों में पुलिस का जो भय था वो अब समाप्त हो गया है क्योंकि क्षेत्र में न तो पुलिस की पैट्रोलिंग हो रही है और न ही पुलिस की किसी अन्य प्रकार से उपस्थिति है। स्थानीय निवासी तेज सिंह, ग्राम पंचायत टांडू के प्रधान शुभम शर्मा, सपना देवी और कुसुम कुमारी ने बताया कि वे द्रंग में पुलिस चौकी को बहाल करने की मांग को लेकर एसपी मंडी से लेकर सीएम तक से मिल चुके हैं लेकिन बावजूद इसके इस पुलिस चौकी को बहाल नहीं किया जा रहा है। इनका कहना है कि क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। इन्होंने सरकार से मांग उठाई है कि पुलिस चौकी को फिर से बहाल किया जाए।
