संजू चौधरी: प्रदेश में चुनाव समाप्त होने के बाद अब स्ट्रांग रूम में रखी ईवीएम को लेकर प्रदेश में सियासत गर्मा गई हैं। भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच ईवीएम की सुरक्षा को लेकर जुबानी जंग तो छिड़ी ही हुई थी, लेकिन अब यह लड़ाई चुनाव आयोग तक जाती हुई दिख रही है। कांग्रेस की ओर ईवीएम रखने के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम के बाहर तंबू गाढ़ने को लेकर भाजपा चुनाव आयोग में शिकायत करने जा रही है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस ने स्ट्रांग रूम के 200 मीटर के दायरे के अंदर ही तंबू गाढ़ रखे हैं जो चुनाव आयोग के नियमों की सीधी-सीधी अवहेलना है,जिसके खिलाफ भाजपा चुनाव आयोग में शिकायत करेगी।
भाजपा नेता गणेश दत्त ने कहा कि कांग्रेस को हार का डर सता रहा है जिसके चलते अब वो हमेशा की तरह ईवीएम पर सवाल उठाने लगी है। वहीं कांग्रेस का कहना है कि ईवीएम की सुरक्षा को लेकर कार्यकर्ता चिंतित है और इसी लिए वे स्ट्रांग रूम के बाहर बैठे हैं ताकी ईवीएम के साथ छेड़छाड़ न हो सके । कांग्रेस नेता नरेश चौहान का कहना है कि शिकायत करने के बजाय ईवीएम की सुरक्षा के प्रति लोगों को विश्वास दिलवाया जाना चाहिए क्योंकि ईवीएम की सुरक्षा को लेकर हमेशा सवाल उठते रहे है।
बता दें कि रामपुर के दत्त नगर में ईवीएम को निजी गाड़ी में ले जाने का मामला सामने आने के बाद कांग्रेस ने ईवीएम की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए थे जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किन्नौर, घुमारवीं, धर्मपुर, नाचन, ऊना व गगरेट स्थित स्ट्रांग रूम के बाहर तंबू गाढ़ दिए हैं जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता हर गतिविधि पर नज़र रखे हुए हैं। इसके चलते भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस ने स्ट्रांग रूम के 200 मीटर के अंदर ही तंबू गाढ़ रखे है और वो इसकी शिकायत चुनाव आयोग करने जा रही है।
