बिलासपुर,सुभाष ठाकुर(TSN)-जिले में लंबे समय से बारिश न होने और अचानक मौसम में परिवर्तन के कारण बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है।मौसम परिवर्तन और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों को लेकर डॉक्टर भूपेंद्र सिंह ने अहम जानकारी दी है।उन्होंने बताया कि नवंबर का महीना सुबह-शाम ठंड का होता है,जिसमें खासतौर पर सुबह के समय लोग सैर के लिए निकलते हैं।
डॉक्टर भूपेंद्र ने सुझाव दिया कि जो लोग सुबह सैर के लिए जाते हैं,वे पहले शरीर को गर्म रखें।इसके लिए सुबह व्यायाम करें और गर्म पानी पिएं ताकि शरीर का तापमान थोड़ा बढ़ सके।उसके बाद ही सैर के लिए निकलें।उन्होंने यह भी बताया कि सांस या डायबिटीज जैसी स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रस्त लोग इस मौसम में सुबह के समय सैर पर न निकलें,क्योंकि ठंड का मौसम उनकी समस्याओं को बढ़ा सकता है।इसके साथ ही,डॉक्टर ने यह भी सलाह दी कि जिन परिवारों के छोटे बच्चे स्कूल जाते हैं,उन्हें विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।बच्चों को हमेशा गर्म कपड़े पहनाकर ही स्कूल भेजें ताकि ठंड से बचाव हो सके। अगर किसी बच्चे में कोई लक्षण दिखते हैं,तो तुरंत डॉक्टर की सलाह लें और उचित इलाज कराएं।इस मौसम में स्वास्थ्य संबंधी सावधानी बरतना अत्यंत महत्वपूर्ण है ताकि बीमारियों से बचा जा सके। डॉक्टर्स की सलाह का पालन करना सभी के लिए फायदेमंद होगा।
