Shimla, Sanju (TSN)-हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली है। बुधवार दोपहर बाद से शिमला सहित कई इलाकों में बादल छाए रहे और शाम के समय हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में 6 मई तक मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई जिलों में तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को यह चेतावनी ऊना और हमीरपुर तक भी विस्तारित की गई है।
तीन और चार मई को व्यापक अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 मई को लाहौल-स्पीति को छोड़कर सभी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। अगले छह दिनों के भीतर बारिश के चलते तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट संभव है।
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
मौसम वैज्ञानिक संदीप ने बताया कि प्रदेश में एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिससे तेज बारिश, ओलावृष्टि और तूफान की संभावना बन रही है। विशेष रूप से पांच जिलों में भारी बारिश हो सकती है।उन्होंने आगे कहा कि कुछ स्थानों पर हवाएं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। साथ ही, बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।