सिरमौर: हिमाचल में हो रही बारिश ने सब कुछ तहस-नहस कर दिया है। सिरमौर जिले में मानगढ़ पंचायत में बादल फटने के बाद एक और दर्दनाक हादसा हो गया। जहां राकसोड़ी (खिजराड़ी) गांव में एक मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया। जिससे चार बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। बता दें कि हादसा रविवार रात उस समय हुआ जब परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इस बीच मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया। जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।
मृतकों की पहचान ममता (27) पत्नी प्रदीप सिंह, इशिता (8) पुत्री प्रदीप सिंह, अलीशा (6) पुत्री प्रदीप सिंह, ऐरंग (2) पुत्री प्रदीप सिंह और आकांशिका (7) पुत्री तुलसी राम गांव खड़ेच (हलाहां) के तौर पर हुई है। जबकि, प्रदीप सिंह गंभीर रूप से घायल है। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालना शुरू कर दिया है। पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद है।
