सोलन/योगेश शर्मा: शारदीय नवरात्रि का आज पहला दिन है, ऐसे में देश के साथ-साथ प्रदेश में भी शक्तिपीठों में सुबह से भक्तों का तांता लगा हुआ है। वही सोलन के अधिष्ठात्री देवी मां शूलिनी के मंदिर में भी सुबह करीब 5:00 बजे से भक्त मंदिर में पूजा अर्चना कर रहे हैं। सुख शांति की कामना के लिए मां से प्रार्थना भी कर रहे हैं। इसी कड़ी में सोलन सदर विधायक व पूर्व मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल भी मंदिर में पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्रवासियों के लिए पूजा अर्चना की।
इस मौके पर धनीराम शांडिल ने कहा कि शारदीय नवरात्रों का सनातन धर्म में अलग महत्व है, जब भी शारदीय नवरात्रि आते हैं, तो शुभ कार्यों का आयोजन शुरू होता है। चाहे वह घर बनाने की बात हो , शादियों की बात हो या फिर कोई अन्य कार्यों की। उन्होंने कहा कि मां शूलिनी सोलन और प्रदेश वासियों पर अपनी कृपा बनाए रखें।
वहीं माता शूलिनी मंदिर में माता के दर्शन करने के लिए आए श्रद्धालुओं ने कहा कि कोरोना काल में 2 साल तक वे माता के दर्शन व पूजा-अर्चना बेहतर ढंग से नहीं कर पा रहे थे, लेकिन इस साल माता की दया दृष्टि से कोरोना संक्रमण के मामलों में भी गिरावट आई है। वहीं वे लोग मंदिर में आकर अच्छे ढंग से माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना भी कर रहे हैं। उन्होंने माता से कामना की कि प्रदेश भर में सुख शांति हो लोगों का जीवन सही ढंग से व्यतीत हो।वहीं लोगों ने महामारी के खात्मे को लेकर भी माता शूलिनी से लोगों ने प्रार्थना की।
