बिलासपुर : सुभाष ठाकुर ( TSN)- फेस्टिवल सीजन को लेकर माप तोल विभाग ने कमर कस ली है। इस दौरान यदि कोई दुकानदार डिब्बे के साथ मिठाई का बजन करता है तो इस तरह के दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिसकी जिम्मेदारी स्वयं दुकानदार की होगी। जानकारी के अनुसार माप तोल विभाग की ओर से इस प्रक्रिया के अंतर्गत 19 दुकानदारों के चालान किए गए हैं।
नियमों की अवहेलना पाए जाने के चलते इन दुकानदारों से विभाग की ओर से 62 हजार रुपये जुर्माना राशि भी वसूल की गई है। हालांकि समय-समय पर दुकानदारों को इस मसले को लेकर जागरूक भी किया जाता है। लेकिन कई दुकानदार ऐसे हैं जोकि नियमों की अवहेलना करना अपनी शान समझते हैं। जिसके चलते माप तोल विभाग की ओर से इस तरह के दुकानदारों पर शिकंजा कसा है। एक ओर जहां विभाग की ओर से दुकानदारों के चालान किए गए हैं। वहीं, इन दुकानदारों को हिदायत भी दी गई है कि भविष्य में भी इस तरह की कोताही सामने न आए। बता दें कि समय-समय पर माप तोल विभाग की ओर से दुकानों का निरीक्षण किया जाता है ताकि लोगों को समस्या न झेलनी पड़े। लेकिन फिर भी कुछ एक दुकानदार नियमों का पालन नहीं करते हैं। वहीं, इसके लिए माप तोल विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया गया है। अभियान के तहत विभाग की ओर से पैट्रोल पंप का भी निरीक्षण किया गया है। लेकिन पैट्रोल पंप पर कोई खामियां नहीं पाई हैं।
