मंडी,धर्मवीर(TSN)-आज का युग पल पल नए बदलाव और तकनीक लेकर आ रहा है और उसका लोग भरपूर फायदा भी उठा रहे हैं।ऐसी ही टेक्नोलॉजी तब बेहतर साबित हुई जब विदेश में काम करने गए दूल्हे को उसके निकाह की मुकर्रर तारीख के लिए छुट्टी नहीं मिली।इसके बाद मंडी में दुल्हन के परिवार वालों ने बिलासपुर में दूल्हे के परिवार से बात की और व्हाट्सअप पर वीडियो कॉल के माध्यम से शादी भी हो गई। यह ऑनलाइन शादी मंडी की फरहीन से तुर्की में काम करने वाले अदनान के साथ संपन्न हुई।
परिवार वालों ने व्हाट्सअप के माध्यम से ऑनलाइन की शादी
मंडी जिला के सुंदरनगर उपमंडल की डिनक पंचायत के डुगराई गांव के रहने वाले दुल्हन के दादा बशीर मोहम्मद ने बताया की उनकी पोती फरहीन का निकाह बिलासपुर के अदनान से तय हुआ जो कि तुर्की में कार्य करता है।शादी की तारीख तय कर दी गई लेकिन अदनान को छुट्टी नहीं मिल पाई और वह अपने देश नहीं आ सका।इस दौरान दोनों पक्षों ने ऑनलाइन निकाह करने का फैसला लिया और 3 अक्टूबर की शाम को वीडियो कॉल के माध्यम से दूल्हे और दुल्हन ने निकाह कबूल किया।उन्होंने बताया कि निकाह पुरे इस्लामिक तौर तरीके से संपन्न हुआ।75 वर्षीय बशीर मोहम्मद ने बताया कि उनके दो बेटे हैं और चार पोते पोतियां हैं जिनमें से एक पोती का निकाह उन्होंने अपने जीते जी देख लिया।उन्होंने बताया कि आज के युग में तकनीक ने दूरीयों को कम कर दिया है।उन्होंने बताया कि इससे पहले भी उनके गांव में ऐसी शादियां हो चुकी हैं जिनमें कोई खास प्रबंध भी नहीं करना पड़ता है और अतिरिक्त खर्च भी बच जाता है।उन्होंने बताया कि उनकी पोती फरहीन अभी पढ़ाई कर रही है जिसके बाद उसे विदा कर दिया जाएगा।उन्होंने बताया कि इस ऑनलाइन शादी से दोनों परिवार खुश हैं।
