सचिन शर्मा, मनाली: हिमाचल की हिमाचल की बस नगरी मनाली में कल सोमवार से विंटर कार्निवाल का आगाज होने जा रहा हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कल सुबह मनाली की आराध्य देवी माता हिडिंबा के मंदिर में पूजा अर्चना के साथ विंटर कार्निवल 2023 का शुभारंभ करेंगे। मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद मुख्यमंत्री सोमवार को परिधि गृह मनाली से विंटर कार्निवल में मुख्य आकर्षण का केंद्र रहने वाली ग्रामीण महिला मंडल की झांकियों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री मनाली मॉल रोड में विभिन्न झांकियों का अवलोकन करेंगे।
मनाली में कल 2 जनवरी से 6 जनवरी तक चलने वाले इस राष्ट्रीय स्तरीय विंटर कार्निवाल में प्रदेश के अलग-अलग जिलों सहित देश के अलग-अलग राज्यों की संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। वहीं विंटर कार्निवाल में मुख्य आकर्षण का केंद्र रहने वाली विंटर क्वीन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। मनाली में कल से आरंभ होने जा रहे विंटर कार्निवाल को लेकर मनाली प्रशासन की ओर से भी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मनाली विधानसभा क्षेत्र के विधायक भुवनेश्वर गौड़ की ओर से विंटर कार्निवल की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक बैठक भी की गई जिसमें उन्होंने तैयारियों को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। विधायक भुवनेश्वर गौड ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि कल 2 जनवरी को विंटर कार्निवल का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे। इसके बाद मनुरंगशाला से इसका विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।
